बासुकीनाथ से राजगीर जा रही श्रद्धालुओं की बस की ट्रक से भीषण भिड़ंत, 12 वर्षीय बच्चे की मौत; कई घायल

 

कोडरमा।जिले के सतगावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे एक भीषण सड़क हादसे ने बोल बम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के बीच चीख-पुकार मचा दी। पोखरडीहा मोड़ के समीप बासुकीनाथ धाम से राजगीर जा रही श्रद्धालुओं से भरी सफारी ट्रैवल्स की बस और एक अनियंत्रित ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 40 से 50 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतक शिवम नेपाल के रौतहट जिले के रहने वाले राजेश यादव का पुत्र था।

बताया गया कि बस में सवार सभी श्रद्धालु नेपाल के रौतहट जिले से ‘बोल बम’ यात्रा पर निकले थे। देवघर और बासुकीनाथ में जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालु राजगीर की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान पोखरडीहा मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।

चीख-पुकार के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही सतगावां पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को किसी तरह बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 10 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

बासुकीनाथ में जलाभिषेक के बाद राजगीर की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं की यात्रा एक झटके में मातम में बदल गई। हादसे ने एक परिवार से उसका 12 वर्षीय मासूम छीन लिया, जबकि दर्जनों श्रद्धालु अस्पताल पहुंच गए।

error: Content is protected !!