JPSC-JSSC गड़बड़ी मामले में CID का शिकंजा, दो शिक्षकों की तलाश में फिर छापेमारी

पलामू। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की जांच अब और तेज हो गई है। बुधवार को CID की टीम ने पलामू में दो सरकारी शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी। टीम के साथ पलामू पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। हालांकि, दोनों शिक्षक घर पर नहीं मिले और पुलिस के हाथ खाली लौटने पड़े।
CID की टीम वारंट लेकर नौडीहा बाजार निवासी शिक्षक संतोष कुमार सिंह और मेदिनीनगर के हनुमान नगर निवासी शिक्षक रविशंकर कुमार के घर पहुंची थी। संतोष कुमार सिंह के मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित आवास पर भी टीम ने दस्तक दी, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
3 अगस्त की छापेमारी में मिले थे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
इससे पहले 3 अगस्त को CID और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में दोनों शिक्षकों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में घरों से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए थे। साथ ही जांच से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए थे।इसके बाद से ही दोनों शिक्षक जांच एजेंसी के रडार पर हैं। बुधवार की कार्रवाई को इसी मामले में आगे की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
फरारी की स्थिति में तलाश तेज
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने CID की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शिक्षकों के खिलाफ वारंट लेकर टीम पहुंची थी। दोनों के घर पर मौजूद नहीं मिलने के बाद उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में पलामू पुलिस की ओर से CID को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी का यह मामला अब जांच के अगले चरण में पहुंच चुका है। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की बरामदगी के बाद दो शिक्षकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश से जांच एजेंसी के तेवर साफ नजर आ रहे हैं।

