गोड्डा पुलिस को मिली बड़ी सफलता: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 18 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, तीन गिरफ्तार

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों की कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी के उद्देश्य से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लगातार आसूचना संकलन एवं सघन छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान चोरी की कुल 18 मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ ही वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में शहबाज अंसारी, पिता ताजुद्दीन अंसारी, ग्राम धैनुकट्टा (झपनीबांध), थाना पोड़ैयाहाट; शहनबाज अंसारी, पिता सलालुद्दीन अंसारी, ग्राम देवडाड़, थाना देवडाड़; तथा किस्नु रजक, पिता अर्जुन मिर्धा, ग्राम गुंदली टोला, बाघमारा, थाना देवडाड़, जिला गोड्डा शामिल हैं।
पुलिस ने इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 138/2026 दिनांक 31 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने विभिन्न कंपनियों की कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं। इनमें स्प्लेंडर की 7, ग्लैमर की 2, एचएफ डीलक्स की 3, होंडा ड्रीम नियो की 1, पैशन प्रो की 1, होंडा डियो स्कूटी की 1 तथा बजाज सीटी-100 की 1 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शहनबाज अंसारी के विरुद्ध पूर्व में भी गोड्डा (मु.) थाना कांड संख्या 122/2025, दिनांक 20 जुलाई 2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 111(2)(बी), 303(2) एवं 317(5) में मामला दर्ज है।
पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज ने किया। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार महली, पुलिस निरीक्षक मधुसुधन मोदक, प्रभारी NAFIS मनोहर कुमार, पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी महावीर पंडित, गोड्डा (मु.) थाना प्रभारी आनंद साह, सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी विधानचन्द्र पटेल, रोड सेफ्टी प्रभारी मनीष यादव, मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश कुमार राउत, देवडाड़ थाना प्रभारी अमित मार्की, पुलिस अवर निरीक्षक बिपिन कुमार यादव, मुकेश कुमार, रोहित यादव, अंकित कुमार झा, भोलानाथ दास, अनुप कुमार साहू, शशिकांत तथा नगर थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।
गोड्डा पुलिस ने कहा है कि जिले में वाहन चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

