44 लाख की हाईटेक चोरी का पर्दाफाश: चाईबासा पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को दबोचा…

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई 44.64 लाख रुपये की हाईटेक चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से दो आरोपियों को भागने के दौरान राँची रेलवे स्टेशन से चुटिया थाना पुलिस के सहयोग से दबोचा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चोरी के सामान की सूची और कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी गए शेष सामान की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस मामले का खुलासा चक्रधरपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने किया। उन्होंने बताया कि रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक आशीष पाड़िया ने 25 जुलाई को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या-84/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि 23 और 24 जुलाई की रात चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से दुकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने दुकान के पीछे बने वेंटिलेटर को तोड़कर पास के पेड़ के सहारे अंदर प्रवेश किया। अंदर घुसते ही सबसे पहले उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और डीवीआर अपने साथ ले गए, ताकि वारदात से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिटाए जा सकें। इसके बाद शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से लोहे का सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच जैसे कई औजार बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल चोरी के दौरान किया गया था। इन्हीं साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबगंज निवासी अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) और असराउल अली (33) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पेशेवर चोरी गिरोह से जुड़े हैं और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की मॉडलवार एवं कीमत अंकित सूची, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बरामद सूची के आधार पर बाकी चोरी गए सामान की पहचान और बरामदगी में मदद मिलेगी।

डीएसपी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही चोरी के शेष इलेक्ट्रॉनिक सामान की बरामदगी के लिए झारखण्ड के अलावा अन्य राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर चोरी गए सभी सामान को बरामद कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!