सड़क हादसे में युवा दंपती की मौत: बरवाटोली में भीषण टक्कर, लोहरदगा पुलिस चालक की तलाश में जुटी

लोहरदगा।जिले में बरवाटोली के पास शुक्रवार को एक बेकाबू ट्रक ने स्कूटी सवार दंपती को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 24 वर्षीय वारिश अंसारी और उनकी 21 वर्षीय पत्नी सानिया खातून ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दर्दनाक बात यह है कि सानिया गर्भवती थीं और दोनों की शादी को महज एक साल ही हुआ था।कुरसे गांव के रहने वाले वारिश अपनी पत्नी के साथ सेरेंगहातु अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। बरवाटोली स्थित साहू साइकिल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में बीएस कॉलेज पिकेट के पास से लावारिस हालत में जब्त किया।
लोहरदगा थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने बताया, “शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।”
एक साल पहले ही तो दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं। घर में जल्द ही एक नन्हीं किलकारी गूंजने वाली थी, जिसकी खुशी पूरे परिवार के चेहरे पर साफ दिखती थी। शुक्रवार को भी लोहरदगा के कुरसे गांव का यह युवा जोड़ा 24 साल का वारिश और 21 साल की सानिया हंसते-मुस्कुराते हुए अपने साढ़ू के घर सेरेंगहातु के लिए निकला था।
लेकिन बरवाटोली में साहू साइकिल के पास वक्त ने ऐसी दर्दनाक करवट ली कि चंद सेकंड में सब खत्म हो गया। एक बेकाबू ट्रक आया और उनकी खुशियों से भरी स्कूटी को रौंदता हुआ निकल गया। चीख-पुकार मची, भीड़ जुटी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वारिश और सानिया, दोनों की सांसें वहीं थम गईं। उनके साथ ही खत्म हो गई वह अनजानी जिंदगी भी, जिसने अभी दुनिया में कदम भी नहीं रखा था।
हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला, जिसे पुलिस ने बीएस कॉलेज पिकेट के पास से जब्त तो कर लिया है, लेकिन कुरसे गांव में पसरे इस सन्नाटे को अब कोई भर नहीं सकता। एक हंसता-खेलता परिवार, पलक झपकते ही सिर्फ यादों में सिमट कर रह गया।

