शराब घोटाले में ACB की तेज कार्रवाई, 6 अगस्त को पूछताछ के लिए तीन प्रमुख अभियुक्तों को फिर जारी हुआ समन

राँची। झारखण्ड राज्य के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), राँची ने अपनी जाँच की गति को काफी तेज कर दिया है। साक्ष्यों, दस्तावेजी प्रमाणों और विभिन्न व्यक्तियों के पूर्व में दर्ज बयानों के आपसी मिलान के आधार पर एसीबी ने मामले से जुड़े तीन महत्वपूर्ण व्यक्तियों को 06 अगस्त 2026 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जाँच में सहयोग करने के लिए पुनः समन और नोटिस जारी किया है।
जाँच ब्यूरो के अनुसार निम्नलिखित तीन प्रमुख लोगों को पूछताछ के लिए उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं:
श्यामजी शरण: इन्हें पूर्व में भी जाँच में शामिल होकर अपनी बात और आवश्यक जानकारी साझा करने का निर्देश दिया गया था। तय समय पर उपस्थित न होने के कारण अब उन्हें 6 अगस्त को दोबारा हाजिर होने के लिए समन भेजा गया है।
अरुण पति त्रिपाठी: छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) के पूर्व प्रबंध निदेशक और छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में पूर्व विशेष सचिव रहे अरुण पति त्रिपाठी की उपस्थिति इस मामले में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्राप्त दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर उनसे गहन पूछताछ कर विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा।
अरुण कुमार सिंह: ‘Nexgen Solution Pvt. Ltd.’ के सीईओ अरुण कुमार सिंह को भी समन जारी किया गया है। इनसे कंपनी Nexgen के कार्यों, दिए गए ठेकों/अनुबंधों, वित्तीय लेन-देन तथा अन्य संस्थाओं या व्यक्तियों के साथ उनके व्यावसायिक संबंधों को लेकर सवाल-जवाब किए जाएँगे।
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि 6 अगस्त को होने वाली इस पूछताछ का मुख्य उद्देश्य केवल बयान दर्ज करना नहीं है, बल्कि डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक सामग्रियों की जाँच करना, कागज़ी दस्तावेजों तथा वित्तीय लेन-देन का विश्लेषण करना और पूर्व में मिले बयानों का मिलान करके इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक कड़ियों को जोड़ना है।ब्यूरो का कहना है कि जाँच दल निष्पक्ष, स्वतंत्र और साक्ष्य-आधारित जाँच के लिए प्रतिबद्ध है और मामले के प्रत्येक पहलू का गंभीरता से सूक्ष्म परीक्षण कर रहा है।

