प्रेम-प्रसंग के शक में पिता-भाई ने नाबालिग लड़की की पीटकर की हत्या,जलती चिता से पुलिस ने शव कब्जे में लिया..

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।प्रेम प्रसंग के शक में परिजनों ने 17 वर्षीय लड़की की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए परिजनों ने शव को तुरंत जलाने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और जलती चिता से शव बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर की है।गढ़वा सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय लड़की को परिजनों ने एक युवक के साथ देख लिया।चरित्र पर शक होने से परिवार के लोग आग-बबूला हो गए।आक्रोशित परिजनों ने लड़की को घर में एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। पिटाई इतनी बेरहम थी कि कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी का एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात से गुस्साए परिजनों ने पिटाई की, जिस दौरान उसकी मौत हो गई।

लड़की की मौत के बाद परिजनों ने करीब चार घंटे तक इंतजार किया ताकि घटना को पूरी तरह छिपाया जा सके।रात होने पर गांव वालों की मदद से शव को गांव के पास बगही श्मशान घाट ले जाया गया। वहां चिता सजाई गई और शव को आग लगा दी गई।

इसी बीच किसी ग्रामीण ने गुपचुप तरीके से गढ़वा थाना पुलिस को सूचना दे दी।सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत श्मशान घाट पहुंची।पुलिस को देखते ही परिजन व अन्य ग्रामीण मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जलती चिता से अधजला शव बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।

पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।मामले को ऑनर किलिंग मानते हुए हत्या, साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र रचने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गढ़वा डीएसपी ने बताया कि यह अत्यंत संवेदनशील और जघन्य मामला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और षड्यंत्र रचने की धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई कर रही है।गांव में तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

error: Content is protected !!