हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता: CEIR पोर्टल के माध्यम से 139 गुम मोबाइल बरामद, वास्तविक मालिकों को किए गए सुपुर्द

 

हजारीबाग। झारखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देश तथा पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में हजारीबाग पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशन में पिछले दो माह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 139 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन सभी मोबाइल फोन का सत्यापन कर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान सुनिश्चित की गई और उन्हें विधिवत वापस सौंप दिया गया।

इसी क्रम में शनिवार को पुलिस कार्यालय, हजारीबाग परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया, जहां बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने हजारीबाग पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर उसे ब्लॉक करने, ट्रैक करने और बरामद करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया गया है। इससे न केवल लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस मिल रही है, बल्कि मोबाइल से जुड़े अपराधों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के अलावे अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार (साइबर थाना), पुलिस अवर निरीक्षक बिंदेश्वरी महतो (मुफस्सिल थाना) सहित तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल वापस दिलाए जा सकें।

हजारीबाग पुलिस की इस उपलब्धि को साइबर तकनीक के प्रभावी उपयोग और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना में सूचना दें तथा CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की शीघ्र बरामदगी की संभावना बढ़ सके।

 

error: Content is protected !!