राँची:शराब पार्टी के दौरान विवाद, कांग्रेस नेता के बॉडीगार्ड ने की हवाई फायरिंग; आरोपी हिरासत में….

 

राँची।राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला रिनपास बॉर्डर लाइन इलाके का है, जहां कांग्रेस नेता की सुरक्षा में तैनात दो बॉडीगार्डों के बीच शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर एक बॉडीगार्ड ने अपनी सरकारी राइफल से हवाई फायरिंग कर दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे दोनों बॉडीगार्ड एक साथ बैठे हुए थे और शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बॉडीगार्ड दीपक ने गुस्से में आकर राइफल से हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घटना के बाद दूसरे बॉडीगार्ड प्रकाश ने तत्काल कांके थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई राइफल भी जब्त कर ली है।

मामले को लेकर डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किस परिस्थिति में फायरिंग की और उस समय वह किस हद तक नशे में था। हथियार के इस्तेमाल और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

error: Content is protected !!