हजारीबाग में देर रात पुलिस-गिरोह आमने-सामने, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, दूसरा दबोचा गया

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के समीप हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार देर रात सूचना मिली थी कि बाइक सवार कुछ संदिग्ध अपराधी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास पुलिस की नजर संदिग्ध बाइक सवारों पर पड़ी।
बताया गया कि पुलिस ने जब दोनों को रुकने का संकेत दिया तो वे भागने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने दबोच लिया।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है। वहीं, दोनों गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों बार-बार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं, जिससे उनकी वास्तविक पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास छिपे हो सकते हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामद हथियारों के संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।

