तीन घरों के चिराग बुझे: भवनाथपुर में बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, ममेरे भाइयों समेत 3 की दर्दनाक मौत

गढ़वा।रफ्तार का जुनून एक बार फिर तीन परिवारों पर कहर बनकर टूटा है। भवनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवपूजन फ्यूल्स के समीप मुख्य मार्ग पर हुए एक भयावह सड़क हादसे में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
एक साथ उजड़े तीन घर, ममेरे-फुफेरे भाइयों की भी गई जान
इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियाँ पल भर में छीन लीं। मृतकों की पहचान सीघीताली गाँव निवासी आर्यन चौबे (पिता बुचुन चौबे), धंगरडीहा निवासी पप्पू सिंह (पिता छत्रपति सिंह) और रमना टंडवा निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है।रिश्ते में पप्पू सिंह और रोहित कुमार ममेरे-फुफेरे भाई थे। दोनों किसी काम से एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे, लेकिन किसे मालूम था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।
तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइकें बनीं हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ही मोटरसाइकिलों की गति काफी तेज थी। सीघीताली का रहने वाला आर्यन चौबे अपनी बाइक से श्री बंशीधर नगर की तरफ से भवनाथपुर की ओर आ रहा था। वहीं, दूसरी ओर से पप्पू सिंह अपने ममेरे भाई रोहित के साथ भवनाथपुर बाजार से काम निपटाकर अपने घर धंगरडीहा लौट रहा था।जैसे ही दोनों बाइकें शिवपूजन फ्यूल्स के सामने पहुँचीं, तेज रफ्तार के कारण संतुलन बिगड़ गया और दोनों में सीधी टक्कर हो गई। भिड़ंत का धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहल उठे। जब तक लोग भागकर मौके पर पहुँचे, तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे।
गाँव में पसरा सन्नाटा, परिजनों की चीत्कार से गमगीन हुआ माहौल
घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें आधिकारिक तौर पर मृत घोषित कर दिया।जैसे ही युवकों की मौत की खबर सीघीताली और धंगरडीहा गाँव पहुँची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों के चीत्कार से पूरा इलाका गमगीन हो गया है और क्षेत्र में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

