​चतरा में सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या या हादसा…..NH-22 पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

​चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले चतरा-डोभी मुख्य मार्ग (NH-22) पर जोरी थाना क्षेत्र के घंघरी इलाके में अचानक उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक युवक का शव लावारिस हाल में मिला। मृतक की पहचान घंघरी गांव निवासी मुकेश यादव के रूप में हुई है। मुकेश का बेजान शरीर देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

​मौके पर जुटी भीड़ का गुस्सा देखते ही देखते भड़क उठा। परिजनों ने सीधे तौर पर मुकेश की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। न्याय की मांग को लेकर उग्र ग्रामीणों ने एनएच-22 को घंघरी में जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने की वजह से चतरा से बिहार के गया समेत अन्य रूटों पर चलने वाले छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

​प्रदर्शन कर रहे लोग कातिलों की तुरंत गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हैं।घटना की जानकारी मिलते ही वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी है।

​पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस आपसी रंजिश, सड़क हादसा और हत्या जैसे सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

error: Content is protected !!