राँची:तीन लाख की फिरौती के लिए 5 वर्षीय बच्ची का अपहरण, गया से तीन आरोपी गिरफ्तार,बच्ची सकुशल बरामद

 

राँची।राजधानी राँची में फिरौती के लिए अगवा की गई 5 वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने  सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। बच्ची के अपहरण की इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के गयाजी जिले तक अभियान चलाया और बच्ची को सुरक्षित उसकी मां के पास पहुंचा दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

घटना नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादली टीओपी अंतर्गत सपारोम इलाके की है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को एक 5 वर्षीय किशोरी को तीन लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक राँची को अवगत कराया गया और नगड़ी थाना में कांड संख्या 120/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-2 के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से अपहरणकर्ताओं की गतिविधियों को ट्रैक करना शुरू किया।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,जांच के दौरान पुलिस को अपहरणकर्ताओं के गया जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद राँची पुलिस ने गयाजी पुलिस के सहयोग से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की और आखिरकार गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।

पुलिस के अनुसार,पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा पीड़िता के घर के पास किराये के मकान में रहता था। उसने पैसे की लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और फिर उसके परिवार से तीन लाख रुपये की फिरौती मांगने लगा। आरोपी ने फिरौती नहीं देने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में रमेश के दो साथी सचिन कुमार और मोनू कुमार भी शामिल थे। दोनों ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम हासिल करने में आरोपी की मदद की। आरोपियों ने धमकी देकर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपये भी मंगवाए थे।

गिरफ्तार आरोपी

रमेश कुमार मिश्रा (20 वर्ष) — पिता देवेंद्र मिश्रा, दिग्गी कोंच, गया (बिहार)

सचिन कुमार (19 वर्ष) — पिता रजनीश पाठक, खजुरी, कोंच, गया (बिहार)

मोनू कुमार (19 वर्ष) — पिता सत्येंद्र प्रसाद, मखदमपुर, जहानाबाद (बिहार)

अपहरण की घटना के बाद 12 घंटे के भीतर बच्ची की सकुशल बरामदगी को राँची पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के सम्बंध में सूत्रों की माने तो मामला कुछ और है,मामला प्रेम प्रसंग से भी जुड़ा हुआ है!

error: Content is protected !!