राँची कांटाटोली कांड: बीच सड़क पर ऑटो चालक को पेट्रोल से जलाया, रिम्स में जिंदगी की जंग लड़ रहा समीर..ऑटो चलाने से मना किया था…

राँची।राजधानी के कांटाटोली स्थित यूनियन बैंक के पास एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। महज एक ऑटो न चलाने की जिद इस कदर खूनी खेल में बदल जाएगी, किसी ने सोचा न था। 10 साल की वफादारी की कीमत एक ऑटो चालक को अपनी जिंदगी दांव पर लगाकर चुकानी पड़ी।
पीड़ित समीर उर्फ सोनू पिछले 10 सालों से नामकुम निवासी मो. असलम का ऑटो चला रहा था। 11 जुलाई को समीर ने जब असलम के सामने यह बात रखी कि वह अब आगे से उसका ऑटो नहीं चला पाएगा, तो असलम का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। बात सिर्फ कहासुनी तक नहीं रुकी, बल्कि असलम ने समीर को सीधे जान से मारने की धमकी दे डाली।
आरोप है कि धमकी के कुछ ही घंटों बाद, शाम करीब 5:30 बजे कांटाटोली के यूनियन बैंक के पास खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया। असलम के बेटे मो. रूमन और उसके साथ मौजूद सिंटू मिस्त्री ने समीर को घेरा और उस पर पेट्रोल छिड़ककर माचिस मार दी। देखते ही देखते समीर आग की लपटों में घिर गया और बीच सड़क पर चीखने-चिल्लाने लगा। इस जानलेवा हमले में समीर की दोनों कलाई, बांह, छाती और पेट गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लोअर बाजार पुलिस हरकत में आई और खून से लथपथ, झुलसे हुए समीर को आनन-फानन में रिम्स रिम्स में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस दिल दहला देने वाली वारदात को लेकर पीड़ित के भाई मो. आरिफ उर्फ गुड्डू ने थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

