हजारीबाग:एसपी ने बड़कागांव थाना की कार्यशैली की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश

हजारीबाग। झारखण्ड के हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव की मौजूदगी में बड़कागांव थाना का व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ नए और पुराने लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2025 से पहले के सभी लंबित मामलों के साथ-साथ वर्तमान कांडों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। ऐसे सभी संवेदनशील स्थानों की पहचान कर तस्करों और इसमें शामिल अपराधियों को चिन्हित करते हुए विशेष अभियान के माध्यम से उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
संगठित अपराध के मामलों को लेकर भी पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने, आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा नए दर्ज मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील रहने की हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जमीन विवाद से जुड़े मामलों पर भी विशेष जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी लंबित मामलों की थाना दिवस में नियमित समीक्षा की जाए तथा आवश्यकतानुसार संबंधित अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जाए।
साथ ही यह भी तय किया गया कि प्रत्येक सोमवार को थाना स्तर पर सभी पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी, ताकि कांडों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और आम जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

