दो महीने पहले हुई थी शादी, चार साल पुराने प्रेमी चचेरे भाई संग भागने की कोशिश, मच गया बवाल

कोडरमा झारखण्ड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के गुमो गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। शादी के महज दो महीने बाद एक विवाहिता अपने चचेरे भाई के साथ घर छोड़ने की तैयारी कर रही थी। परिजनों को भनक लगते ही दोनों की योजना नाकाम हो गई और गांव में घंटों तक पंचायत चलती रही। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि गुमो हरिजन टोला निवासी 21 वर्षीय युवती की शादी करीब दो महीने पहले कोडरमा थाना क्षेत्र के चिकलाबर गांव में हुई थी। कुछ दिन पहले वह मायके आई थी, लेकिन जब ससुराल लौटने की बात हुई तो उसने साफ इनकार कर दिया। कारण पूछने पर उसने परिवार के सामने चार साल पुराने प्रेम संबंध का खुलासा कर दिया।

युवती का कहना है कि वह अपने चाचा के बेटे रोहित कुमार से लंबे समय से प्रेम करती है। परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण उसकी शादी दूसरी जगह कर दी गई, लेकिन दोनों संपर्क में बने रहे। युवती ने यह भी दावा किया कि शादी के बाद भी युवक उससे मिलने उसके ससुराल तक पहुंचता था और दोनों साथ रहने की योजना बना रहे थे।

इसी योजना के तहत सोमवार रात दोनों गांव से निकलने की तैयारी में थे, लेकिन परिजनों को इसकी जानकारी मिल गई। दोनों को मौके पर ही रोक लिया गया। मंगलवार सुबह ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई, जहां मामले पर लंबी चर्चा हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तिलैया थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर युवती, उसके परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की। वहीं, युवक मौके से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

error: Content is protected !!