माँ से बोली-किडनैप हो गई हूँ;मिली प्रेमी के साथ:इंस्टा वाले प्यार के लिए 1300 किलोमीटर संगरूर भागी

पटना। पटना से लापता निकिता (19) का पता चल गया है। वह 1300 किलोमीटर दूर पंजाब के संगरूर में अपने प्रेमी के साथ मिली है। युवती 25 दिन पहले 31 जुलाई को पटना सिटी के मेंहदीगंज इलाके से कॉलेज के लिए निकली थी। फिर लापता हो गई। कुछ देर बाद माँ के मोबाइल पर कॉल कर बोली-माँ किडनैप हो गई हूँ। अंधेरे रूम में हूँ, यहां किडनी बेचने का बोल रहे हैं।

1 अगस्त को परिजन ने पुलिस शिकायत की। तब से पुलिस इसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को सिटी एसपी पूर्वी संदीप सिंह ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। लड़की के पंजाब में होने का पता चला। जो अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन रिलेशन में रहना चाहती है। इसके लिए उसने ये साजिश रची थी।

लड़की का नाम निकिता कुमारी है। वो पटना सिटी के मेहंदी गंज थाने के मंसाराम अखाड़ा इलाके में रहती थी। वो BA पार्ट वन की स्टूडेंट है।

दिन 31 जुलाई, कॉलेज के लिए निकली, हुई लापता

निकिता सुबह करीब 10 बजे पश्चिम दरवाजा स्थित ओरिएंटल कॉलेज में एडमिशन के लिए निकली थी। उसके बाद से गायब है। निकिता ने अपने मोबाइल से मां सुधा कुमारी को आखिरी कॉल किया था। निकिता की बड़ी बहन स्मिता ने बताया कि दोपहर 2 बजे उसका कॉल आया। बोल रही थी- दीदी बचा लो, मम्मी बचा लो। उसने बताया कि मेरे साथ 5 लड़की और है। हमें बंद कमरे में रखा गया है। उसने बताया कि वहां जो लोग है वो किडनी बेचने की भी बात कर रहे हैं।

दिन 1 अगस्त, परिजन पहुंचे थाने, अपहरण का मामला दर्ज

घर वालों ने मेहंदी गंज थाना में इसको लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई। लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि मेरी बेटी निकिता सोमवार को BA पार्ट वन में एडमिशन के लिए पश्चिम दरवाजा स्थित ओरिएंटल कॉलेज गई थी। इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया।मां ने बताया कि निकिता ने सबसे पहले सोमवार (31 जुलाई) को सुबह 11:38 पर कॉल किया था। उसके बाद दोबारा दोपहर 1:10 बजे बात हुई। फिर शाम में 4:38 बजे फोन से बात हुई। उसके बाद निकिता का फोन स्विच ऑफ आने लगा।

इसके बाद से ही पुलिस लगातार छानबीन में जुटी थी। सिटी एसपी पूर्वी संदीप सिंह ने बताया कि टेक्निकल और सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने लड़की का लोकेशन पंजाब के संगरूर में पाया। जहां पहुंचने पर लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिली। जिसके बाद अपहरण की कहानी झूठी निकली। निकिता के लव अफेयर का पता चला।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, मिलने पहुंच गई 1300 किलोमीटर दूर

सिटी एसपी पूर्वी संदीप सिंह ने बताया- निकिता और पंजाब के संगरूर जिले के रहने वाले युवक गुरु प्रताप की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो प्यार हो गया। 31 जुलाई को लड़की घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली पंजाब के संगरूर के लिए निकल गई। खुद के अपहरण का नाटक रचा और एक ऑडियो वायरल कर भ्रम की स्थिति पैदा कर दी।

कोर्ट में लिव इन में रहने के लिए डाला है पिटीशन

संदीप सिंह ने बताया- हरियाणा कोर्ट में निकिता और गुरु प्रताप के द्वारा दिए गए पिटीशन की कॉपी भी पुलिस को मिल गई है, जिसमें दोनों ने सहमति से एक दूसरे के साथ लिव इन में रहने का जिक्र किया गया है। इसके आधार पर इस बात की पुष्टि हो गई की खुद से ही अपहरण के नाटक की साजिश रची गई। अब आगे की कानूनी करवाई की जा रही है। लड़की फिलहाल पंजाब में ही युवक के साथ है।