पत्नी को रील्स बनाने से मना किया तो पति का हो गया मर्डर:पत्नी से मिलने ससुराल गया था,परिवार बोला-हत्या कर लटका दिया,पत्नी का दूसरे से है प्रेम-प्रसंग….

बिहार के बेगूसराय में पत्नी को रील्स बनाने से मना किया तो पति की हत्या कर दी। मृतक युवक के परिवार का आरोप है कि वो पत्नी से मिलने ससुराल गया था। वहीं उसकी हत्या कर दी। अब कह रहे हैं कि उसने खुदकुशी कर ली है। हत्या के बाद लड़की वालों ने शव भी गायब करने की कोशिश की, लेकिन हमलोग पहुंच गए। लड़के के परिवार का आरोप है कि लड़की का कहीं और अवैध सम्बन्ध भी चल रहा था। रील्स और अवैध संबंध को लेकर दोनों में झगड़ा होता रहता था।इधर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।युवक कोलकाता में मजदूरी करता था और बीते रात की रात अपने ससुराल खोदाबंदपुर थाना क्षेत्र के फफौत गांव आया था। जहां यह घटना हुई। मृतक समस्तीपुर जिला के विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित नरहन निवासी रामप्रवेश राय का पुत्र महेश्वर राय (25) है।

मृतक के परिवार का आरोप है कि मौत के बाद ससुराल वालों ने शव को भी ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों के तुरंत पहुंच जाने के कारण वो सफल नहीं हो सके।मृतक के पिता रामप्रवेश राय ने बताया कि महेश्वर की शादी 6 साल पहले फफौत निवासी पंडित की पुत्री रानी कुमारी के साथ हुई थी। दोनों का 5 साल का एक बेटा सुशांत है। महेश्वर कोलकाता में मजदूरी करता है और हाल ही में घर आया था। बहू रानी कुमारी टिक-टॉक और इंस्टाग्राम पर काफी वीडियो बनाती थी। जिसका विरोध महेश्वर करता था, लेकिन मनबढू किस्म की पत्नी उसकी बात करने को तैयार नहीं थी।

ससुराल वाले गायब थे.. शव पड़ा था

रविवार की रात 9 बजे महेश्वर अपने ससुराल में फफौत गया था। करीब 10:30 बजे रात में कोलकाता में रह रहे मृतक के भाई रुदल ने फोन किया तो किसी दूसरे ने उठाया और वहां काफी हलचल मची हुई थी। जिसके बाद उसने फोन करके घर वालों को सूचना दी। घर वाले फफौत पहुंचे तो ससुराल से सभी लोग गायब थे। शव रखा हुआ था।मृतक के पिता रामप्रवेश राय ने बताया कि महेश्वर रात में अपने ससुराल फफौत गया था। 10:30 बजे रात में कोलकाता में रह रहे उसके भाई ने जब मोबाइल पर फोन किया तो अजीब आवाज सुनी। उसके बाद हमको फोन करके वहां जाने के लिए कहा।हम 10 मिनट में पहुंचे तो मेरा बेटा महेश्वर मरा पड़ा था। चार-पांच लड़के आकर बोले हम अस्पताल ले जा रहे हैं, लेकिन वह लाश को ठिकाने लगा देते हमने रोक कर पुलिस को फोन किया।

मृतक के पिता का आरोप है कि पत्नी ने अपने माँ आदि के साथ मिलकर फांसी लगाकर हत्या कर दी। पत्नी मनबढ़ किस्म की थी, वीडियो बनाती थी, मेरा बेटा मना करता था, लेकिन नहीं मानती थी। मेरा पुत्र कोलकाता में मजदूरी करता था और एक-दो दिन में ही वहां जाने वाला था। इसके लिए माँ ने तिलवा, तिलकुट और लाई बना कर रखा था।

मृतक के बहनोई रतन कुमार ने बताया कि मेरे साले महेश्वर की पत्नी रानी हमेशा इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती थी। इसको लेकर दोनों में विवाद होता था, लेकिन वह बात काट कर रील्स बनती थी। जो हम लोगों को अच्छा नहीं लगता था, हमने भी उसे मना किया था। लेकिन बात नहीं मानी। हम लोगों को कुछ दिन पहले पता चला कि वह किसी लड़के से भी बात करती है।

इधर सूचना मिलने पर पहुंचे खोदाबंदपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि रील्स बनाने का विरोध करने पर हत्या की बात कही जा रही है। मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।