कोडरमा:निजी सुरक्षाकर्मी पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप, शव लेकर नेपाल भागते समय पुलिस ने दबोचा…

​कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के भंडरवा स्थित मिटको कॉलोनी में शनिवार शाम एक खूनी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक राजनीतिक दल से जुड़े पत्थर व्यवसायी महावीर यादव के आवास परिसर स्थित स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले उनके नेपाली कर्मचारी (कथित निजी सुरक्षाकर्मी) ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान 35 वर्षीय रेशमा गजमाई के रूप में हुई है।

​घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप

​शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील गजमाई और उसकी पत्नी रेशमा के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। विवाद इस कदर बढ़ा कि आरोपी ने पत्नी की जान ले ली। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चर्चा है कि महिला की गोली मारकर हत्या की गई है, जबकि कुछ लोग गंभीर मारपीट के कारण मौत की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

​शव को एंबुलेंस में लादकर नेपाल भागने की थी तैयारी

​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुनील गजमाई कानूनी शिकंजे से बचने के लिए अपनी पत्नी के शव को एक एंबुलेंस में रखकर, बच्चों समेत गृह राज्य नेपाल (मोरंग जिला) भागने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिल गई। कोडरमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झुमरीतिलैया के सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास एंबुलेंस को इंटरसेप्ट किया और आरोपी को धर-दबोचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​आरोपी ने रची कुएं में गिरने की झूठी कहानी

​पुलिस हिरासत में आने के बाद आरोपी सुनील ने खुद को बेकसूर बताते हुए मामले को नया मोड़ देने की कोशिश की। उसने दावा किया कि वह सुबह घर से बाहर था और लौटने पर पत्नी मृत मिली। उसने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी अत्यधिक शराब के नशे में थी और कुएं के पास गिरने से उसका सिर फट गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

​पुलिस और मकान मालिक का पक्ष

​मकान मालिक और व्यवसायी महावीर यादव ने बताया कि यह नेपाली परिवार पिछले कुछ महीनों से उनके यहां रह रहा था और गौशाला में गायों की देखभाल करता था। उन्होंने यह भी बताया कि ये लोग काफी शराब पीते थे।​फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के दावों को खारिज करते हुए मामले को पूरी तरह संदिग्ध माना है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या में इस्तेमाल किए गए संभावित हथियार की तलाश की जा रही है। आरोपी से कड़ाई से पूछताछ जारी है।

error: Content is protected !!