किराना दुकानदार की हत्या: 4 दिन बाद मिट्टी में दबा मिला शव, सेक्स रैकेट का विरोध करने पर हत्या की आशंका..!

पटना। राजधानी पटना के न्यू करबिगहिया से चार दिन पहले अगवा हुए 33 वर्षीय किराना दुकानदार बंटी कुमार का शव शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। शव फुलैलपुर बायपास के पास सड़क किनारे मिट्टी में दबा मिला। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में गुस्सा और तनाव का माहौल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि अपहरण के बाद बंटी कुमार की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की नीयत से मिट्टी में दबाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, बंटी कुमार न्यू करबिगहिया में किराना दुकान चलाते थे। सोमवार देर रात वह पटना जंक्शन के पास सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, मारपीट की और फिर जबरन एक ऑटो में बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों ने तुरंत पुलिस में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी।
अपहरण की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने फुटेज खंगालकर जांच शुरू की, जिसके आधार पर कई अहम सुराग हाथ लगे। अब इन्हीं सुरागों के आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि अपहरण, आपसी रंजिश, आपराधिक गतिविधियों समेत सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
सेक्स रैकेट के विरोध की भी चर्चा:
स्थानीय लोगों का दावा है कि बंटी कुमार ने इलाके में कथित रूप से संचालित कुछ अवैध गतिविधियों, जिनमें कथित सेक्स रैकेट भी शामिल है, का विरोध किया था। इसी वजह से इस हत्याकांड को उस विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी भी कारण पर मुहर लगाने से इनकार किया है।
अथमलगोला थाना पुलिस और पटना पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा और वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

