जंगल में सजती थी साइबर ठगी की ‘क्लास’, देवघर पुलिस ने पांच शातिरों को दबोचा

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर में साइबर अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार को सारठ प्रखंड के पुरनीकरहैयां स्थित डाकाय जंगल में चल रहे एक कथित साइबर ठगी के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए लोगों को ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट के नाम पर झांसा देकर ठगी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को ओटीपी साझा करने के लिए बहलाते थे। जैसे ही पीड़ित ओटीपी बताते, आरोपी उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीत कुमार मंडल, दिनेश कुमार दास, अक्षय कुमार दास, प्रभात कुमार दास और संदीप कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों का साइबर अपराध के मामलों में पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!