राँची:तुपुदाना इलाके में आपसी विवाद में टांगी से काटकर एक व्यक्ति की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। चितवादाग गांव में देर शाम हुई विवाद में 50 वर्षीय झींगा लकड़ा की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के मुख्य आरोपी, जिसका नाम सुखा लिंडा बताया जा रहा है, को गिरफ्तार कर लिया है।
तुपुदाना ओपी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक झींगा लकड़ा और आरोपी सुखा लिंडा दोनों एक ही गांव (चितवादाग) के रहने वाले थे। दोनों के घर भी बिल्कुल आमने-सामने हैं। रोज़ की तरह सब कुछ सामान्य था। घटना के वक्त, यानी देर शाम करीब 7 बजे, झींगा लकड़ा आरोपी सुखा लिंडा के चाचा के घर पर बैठे हुए थे। वहाँ कुछ लोग मौजूद थे और सामान्य बातचीत चल रही थी।
बातचीत के बीच अचानक किसी बात को लेकर झींगा लकड़ा और सुखा लिंडा में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली बहस एक गहरे विवाद में बदल गई।सूखा ने एक धारदार टांगी (कुल्हाड़ी) उठा ली। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या बीच-बचाव कर पाता, सुखा ने झींगा लकड़ा पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि झींगा लकड़ा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चाचा के घर पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर झंझट शुरू हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने घर में रखी टांगी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सुखा लिंडा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस अचानक हुई वारदात के बाद चितवादाग गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। दो पड़ोसियों के बीच इस तरह के खूनी अंत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के पीछे की मुख्य वजहों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद पहले से चल रहा था।

