Ranchi:शराब को लेकर दोस्त की थी हत्या, शव 3 किमी दूर फेंका, 21 दिन बाद खुलासा,तीन गिरफ्तार
राँची।राँची पुलिस ने 21 दिन पहले टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में अभिजीत तिवारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। शराब पीने को लेकर हुए विवाद में उसके दोस्तों ने ही वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद स्कूटी से ले जाकर शव को घटनास्थल से तीन किमी दूर फेंक दिया था। शव को पुलिस टीम ने 19 अप्रैल को (मिलिट्री फार्म) सिपही पुल के पास से बरामद किया था। मामले में पुलिस ने पुरुलिया रोड के विशाल राम, पत्थलकुदवा के सन्नी मिंज व नामकुम के आकाश सुजय बेक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस के समक्ष जुर्म स्वीकार किया है। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शनिवार को बताया कि 19 अप्रैल को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के सिपाही पुल के पास से शव बरामद हुआ था। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर मुख्यालय वन डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने भौतिक साक्ष्यों सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनो को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस स्कूटी भी बरामद कर लिया।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि नामकुम के जोरार बधवा ग्राउंड में 18 अप्रैल को विशाल, सन्नी और आकाश सुजय शराब पी रहे थे। इसी दौरान अभिजीत भी पहुंच गया। वह पीने के लिए जबरन शराब मांगने लगा, लेकिन आकाश ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद अभिजीत ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी। शराब की बोतलों को पैर से गिराकर नष्ट कर दिया। इसके बाद जबरन बोतल छीनकर शराब पीने लगा। इस बीच आकाश को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद तीनों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
तीनो आरोपियों ने अभिजीत की हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाना लगाने की प्लानिंग की। इसी के तहत साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को स्कूटी में रखा। एक स्कूटी में बीच में शव को रखकर दो लोग बैठे, जबकि तीसरा स्कूटी में अकेले आगे-आगे चलने लगा। तीसरा व्यक्ति पुलिस को देख रहा था, ताकि पकड़ाये नहीं। जिसके बाद सिपाही पुल मिलिट्री डेयरी फार्म, आरागेट स्थित ग्राउंड में शव ले जाकर फेंक दिया।

