जामताड़ा में एसबीआई कैशियर के घर लाखों के जेवरात चोरी, ग्रील काटकर घुसे चोर…जांच में जुटी है पुलिस…
जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा शहर के राजपल्ली में मंगलवार देर रात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ किया। इस मामले में जामताड़ा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रदीप चौधरी जामताड़ा के बोदमा स्थित एसबीआई शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं। वे राजपल्ली में एसडीओ ऑफिस के प्रधान लिपिक बैजू झा के किराये के मकान में रहते हैं।
घटना के समय पीड़ित अपनी पत्नी के साथ एक कमरे में सो रहे थे, जबकि दूसरा कमरा बंद था। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने घर की खिड़की का ग्रील काटकर अंदर प्रवेश किया और बंद कमरे में रखी आलमारी को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
आज बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर जामताड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
पीड़ित प्रदीप चौधरी राँची के सेल सिटी बिरसा चौक के रहने वाले हैं। वे एक साल से राजपल्ली में भाड़े के मकान में रह रहे हैं और पिछले साल ही उनकी शादी हुई है।वहीं पुलिस आसपास के घरों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच में जुटी है।

