व्हाट्सएप से वसूली का खेल: ‘राहुल दूबे गैंग’ के नाम पर धमकी, जमीन के बदले मांगे पैसे..

–डोरंडा में जमीन के लिए 20 हजार प्रति डिसमिल की मांग, परिवार को उड़ाने की चेतावनी से दहशत

राँची।राजधानी राँची में अपराधियों का दुस्साहस अब नए रूप में सामने आ रहा है। डोरंडा इलाके में राहुल दुबे गैंग के नाम पर एक व्यक्ति से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए रंगदारी मांगी गई है।पैसे नहीं देने पर बमबारी, गोलीबारी और परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई है। इस घटना ने शहर में गैंग के ‘डिजिटल आतंक’ की नई तस्वीर पेश कर दी है।इस मामले में डोरंडा थाना में पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

व्हाट्सएप पर आया मैसेज, फिर कॉल से बनाया दबाव

बड़ा घाघरा, गोसाई टोली निवासी प्रदीप गोसाई को 6 मई की रात करीब 8:55 बजे एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज मिला। मैसेज में खुद को “राहुल दुबे गैंग” का सदस्य बताते हुए सीधे धमकी दी गई। इसके बाद कॉल कर डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई, ताकि पीड़ित दबाव में आकर पैसे देने को मजबूर हो जाए।

“गाड़ी उड़ा देंगे, घर पर बरसेगी गोली”

धमकी भरे संदेश में पीड़ित की सफेद क्रेटा कार का नंबर तक लिखकर उसे बम और गोली से उड़ाने की बात कही गई। इतना ही नहीं, घर और परिवार को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई। इस खुली धमकी के बाद पूरा परिवार सहम गया है और किसी अनहोनी की आशंका से डरा हुआ है।

जमीन के बदले वसूली: 94 डिसमिल पर नजर

अपराधियों ने 94 डिसमिल जमीन का जिक्र करते हुए 20 हजार रुपये प्रति डिसमिल की दर से रंगदारी मांगी है।पीड़ित का कहना है कि यह उसकी अपनी खतियानी जमीन है, जिस पर उसका वर्षों से कब्जा है, फिर भी उसे डराकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है।

गैंग के नाम पर खेल या संगठित साजिश

मैसेज में राहुल दुबे के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला जैसे नामों का भी जिक्र किया गया है।इससे आशंका जताई जा रही है कि यह सिर्फ नाम का इस्तेमाल है या फिर किसी संगठित गिरोह की सक्रियता है।पुलिस अब इसी एंगल से जांच में जुट गई है।

थाना में गुहार, सुरक्षा की मांग

पीड़ित ने डोरंडा थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए, आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।साथ ही धमकी भरे मैसेज और नंबर की तकनीकी जांच कर सख्त कार्रवाई की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!