Ranchi:लिंक क्लिक करते ही अकाउंट खाली,मिन्त्रा रिफंड के नाम पर 1 लाख की साइबर ठगी..

 

राँची में ऑनलाइन शॉपिंग रिफंड के नाम पर साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक महिला के खाते से महज कुछ मिनटों में 1 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगों ने मिन्त्रा कस्टमर केयर बनकर पहले भरोसा जीता, फिर एक लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और खाते से दो बार में पूरी राशि उड़ा ली। इस मामले में साइबर थाना रांची में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

डिलीवरी विवाद से शुरू हुई ठगी की साजिश:
डोरंडा की रहने वाली 47 वर्षीय महिला ने बताया कि उन्होंने मिन्त्रा से एक सामान ऑर्डर किया था, जिसकी डिलीवरी कोलकाता में उनकी मां के पते पर होनी थी। सामान का भुगतान पहले ही किया जा चुका था, लेकिन डिलीवरी के दौरान उसे ‘कैश ऑन डिलीवरी’ बताया गया। इसी भ्रम की स्थिति में डिलीवरी मैन ने ऑर्डर कैंसिल करने की सलाह दी और फोन पर पूरी प्रक्रिया कराई।

कैंसिलेशन के बाद ‘कस्टमर केयर’ बनकर ठगों की एंट्री:
ऑर्डर कैंसिल करने के बाद महिला को एक कॉल आया, जिसमें खुद को मिन्त्रा कस्टमर केयर का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने संपर्क किया। उसे ऑर्डर और कैंसिलेशन की पूरी जानकारी थी, जिससे महिला को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए उसे एक लिंक भेजा गया और कहा गया कि इससे जल्दी रिफंड मिल जाएगा।

लिंक क्लिक करते ही मोबाइल हैक, खाते से उड़ गए पैसे:
जैसे ही महिला ने लिंक पर क्लिक किया, उसका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से दो बार में 1 लाख रुपये की निकासी कर ली गई। पहली बार 99 हजार और दूसरी बार 1 हजार रुपये UPI के माध्यम से निकाल लिए गए।

तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन को दी सूचना:
ठगी का एहसास होते ही महिला ने तुरंत बैंक ऑफ इंडिया के श्यामली शाखा में कॉल कर अपना खाता ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी शिकायत की गई है।

मामले की लिखित शिकायत साइबर अपराध थाना राँची को दी गई है, जिसमें व्हाट्सएप कॉल, लिंक और संदिग्ध नंबरों का पूरा विवरण उपलब्ध कराया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!