तेज रफ्तार का कहर: डिवाइडर से टकराकर कार पेड़ से जा टकराई, एक की मौत, पांच घायल
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले में सदर थाना क्षेत्र के एसपी आवास और उपविकास आयुक्त के आवास के पास शनिवार सुबह कार के डिवाइडर से टकराने के बाद पेड़ में जोरदार ठोकर मारने की घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई।जबकि पांच युवक घायल हो गए हैं।सभी को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद चार को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर किया गया है।
बताया जाता है कि कुड़ू थाना क्षेत्र के पंडरा गांव निवासी आजसू नेता लाल गुड्डू नाथ शाहदेव और जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी के बेटे विराट शाहदेव अपने दोस्तों के साथ कुड़ू थाना क्षेत्र के कड़ाक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद शनिवार अहले सुबह टाटा सफारी कार से लोहरदगा जा रहा था।कार में लाल गुड्डू नाथ शाहदेव के दो बेटे विराट शाहदेव, सम्राट शाहदेव खालारी के प्रमोद कुमार सिंह उर्फ चंपा, कड़ाक के विकेश सिंह, पिस्का मोड़ के दीपेश्वर सिंह और लोहरदगा छतर बगिचा के उतम सिंह कर में सवार होकर जा रहे थे। इसी बीच कर लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक आवास के पास डिवाइडर से टकराकर पेड़ से जा टकराई।ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि कार पुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी युवक कार में फंस गए।
पुलिस अधीक्षक आवास के सुरक्षाकर्मियों व राहगीरों ने लोहरदगा सदर थाना को इसकी सूचना दी।मौके पर पहुंचे पुलिस जवानों ने राहत और बचाव करते हुए सभी को कार से निकलकर इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद खालारी निवासी प्रमोद कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल कुड़ू के पंडरा निवासी विराट शाहदेव, सम्राट शाहदेव, कड़ाक के विकेश सिंह और लोहरदगा छतर बगिचा के उतम सिंह रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए राँची रिम्स रेफर कर दिया।पुलिस मामले की जांच कर रही है।

