बस की छत पर बैठे बाराती हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया,चार बाराती झुलसे,अस्पताल में भर्ती,स्थिति गंभीर..
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के पांकी के गढ़गांव पुलिया के पास शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया जहाँ 11 हजार हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से बारात जा रहे चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार पाटन थाना क्षेत्र के मालगाड़ा गांव से एक बस में सवार होकर बाराती रिमी रामपुर लावालौंग जा रहे थे।इसी दौरान पांकी थाना क्षेत्र के गढ़गांव पुलिया के पास सड़क पर झूल रहे 11 हजार वोल्ट बिजली तार से बस सट गई।हादसे के समय चारों युवक बस की छत पर बैठे हुए थे जो करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों की पहचान प्रमोद कुमार यादव, राजेश कुमार, रंजन कुमार यादव एवं बिनोद कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पांकी पहुंचाया गया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।


