Ranchi: बारातियों से भरी बस पलटी,करीब 20 बाराती घायल, 5 रिम्स रेफर…
राँची।जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र में बारातियों से भरी बस देर रात पलटी। बताया जा रहा है कि राहे थाना क्षेत्र के डोमनडीह से विवाह समारोह में शामिल होने कोड़ाडीह जा रही एक बस शुक्रवार देर रात सोनाहातू के दुलमी में पलट गई।अनियंत्रित होकर बस पलट जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में लगभग 20 बाराती घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता राहत कार्य में जुट गए।बताया गया है कि स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायलों को बाहर निकालने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनाहातू पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।घटना के बाद स्थानीय प्रशासन भी मामले की जानकारी लेकर घायलों के इलाज की व्यवस्था में जुटा हुआ है।


