हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मचारी की मौत…

राँची।झारखण्ड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो कॉलेज के निकट हाइवा डंपर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मचारी उरेश करमाली की इलाज के दौरान राँची के रिम्स अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि ग्रामीणों ने मुआवजे और सुरक्षित कोयला ढुलाई मार्ग की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक उरेश करमाली उर्फ उमेश करमाली न्यू मंगरदाहा पुनर्वास ग्राम चिरैयाटांड़ निवासी थे और वर्तमान में कारो में रह रहे थे। वे कुछ महीने पूर्व सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के सीएचपी परियोजना से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वे बैंक से जुड़े कार्य निपटाकर बाइक से अपने नए घर कारो लौट रहे थे।इसी दौरान कारो कॉलेज के समीप तेज गति से जा रही हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल उरेश करमाली को पहले क्षेत्रीय अस्पताल बचरा पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स राँची रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में कई घरों में शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम चल रहे थे, लेकिन हादसे की सूचना मिलते ही माहौल गमगीन हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि रिहायशी और ग्रामीण सड़कों से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सीसीएल पिपरवार प्रबंधन और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे हुए है।

error: Content is protected !!