Ranchi:लोन लेने के तीन दिन बाद आया कॉल, खाते से मिनटों में 3.13 लाख रुपये साफ…
; लोन लेने के तीन दिन बाद आया कॉल, खाते से मिनटों में रकम साफ
राँची।राजधानी में साइबर ठगों ने अब लोन कंपनियों के नाम पर नया जाल बिछाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला रातू थाना क्षेत्र का है, जहां एलएंडटी कंपनी के नाम पर आए एक फोन कॉल के बाद युवक का मोबाइल हैक हो गया और देखते ही देखते उसके खाते से 3.13 लाख रुपये उड़ा लिए गए। पीड़ित मंटू कुमार (34), जो पंडरा, रातू थाना क्षेत्र में रहते है ने साइबर थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि उन्होंने 2 मई को L&T कंपनी से 3.73 लाख रुपये का लोन लिया था। लोन लेने के महज तीन दिन बाद, 5 मई को सुबह करीब 11:30 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आया।कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए EMI से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के लिए मोबाइल पर एक बटन दबाने को कहा।
मंटू कुमार के अनुसार, जैसे ही उन्होंने बताए गए निर्देश के अनुसार बटन दबाया, उनका मोबाइल अचानक काम करना बंद कर दिया। स्क्रीन फ्रीज हो गई और फोन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया।उन्हें शक हुआ कि कुछ गड़बड़ी हुई है।इसके बाद जब उन्होंने एटीएम जाकर अपने बैंक खाते की जांच की, तो पता चला कि उनके खाते से 3,13,178.64 रुपये की निकासी हो चुकी है।पीड़ित का खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रातू रोड शाखा में है।उनका आरोप है कि ठगों ने मोबाइल को हैक कर बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच बनाई और बहुत कम समय में पूरी राशि निकाल ली।

