Ranchi:चमघाटी में धान लदा ट्रक पेड़ से टकराया, केबिन में फंसा चालक को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने निकाला, स्थिति गंभीर
राँची।अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमघाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।राँची-मुरी मुख्य सड़क पर धान लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के दौरान ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।दुर्घटना के स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. ट्रक का केबिन पूरी तरह दब जाने के कारण चालक को बाहर निकालना काफी मुश्किल हो रहा था।करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रक के केबिन को काटा।काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक लोहरदगा जिले के कुड़ू क्षेत्र का है।हादसे की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है।पुलिस ने बताया कि घायल चालक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

