लातेहार:प्रेमी-प्रेमिका ने पेड़ से लटककर की खुदकुशी,कई दिनों से दोनों लापता थे…जांच में जुटी है पुलिस..

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपे गांव के समीपवर्ती जंगल में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक पेड़ से युवक और युवती के शवों को लटकते हुए देखा। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मनिका थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पेड़ से उतारा और पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतकों की पहचान कोपे गांव के ही सीताराम सिंह के बेटे सुनील सिंह (24 वर्ष) और शिवकुमार सिंह की बेटी रिंकी कुमारी (18 वर्ष), के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुनील और रिंकी के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बीते 2 मई से अपने-अपने घरों से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब थे, जिसकी तलाश परिजन अपने स्तर पर कर रहे थे।

जंगल में शव मिलने की खबर जैसे ही कोपे गांव पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया।दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग में विफलता के कारण उठाया गया आत्मघाती कदम मान रहे हैं तो वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है।

मनिका थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पिछले 6 दिनों से दोनों कहां थे और किन परिस्थितियों में उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

error: Content is protected !!