सरायकेला:कुचाई के लुदुबेड़ा व कोमाय में एसएसबी के कमांडेंट ने ग्रामीणों के साथ की बैठक…ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया
सरायकेला।सशस्त्र सीमा बल के 26वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार एवं उप कमांडेंट शक्ति सिंह ने झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया।इस दौरान एसएसबी के ‘C’ कंपनी की ओर से कुचाई के लुदीबेरा व कोमाय के बुरुहातु में ग्रामीणों के साथ बैठक की।बैठक में ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हुए।ग्रामीणों ने भी खुल कर अपनी समस्याओं को रखा।खास कर गर्मी के दिनों में हो रही पानी की समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं की कमी होने के कारण गांव के लोगों को मुख्य रुप से पाहाड़ी के नीचे स्थित पारंपरिक चुआ पर निर्भर रहना पड़ता है। कोमाय के बुरुहातु टोला के ग्रामीणों ग्रामीणों ने पानी के साथ साथ सड़क की समस्या से भी अवगत कराया।साथ ही आजीविका का कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने की बात कही।
सशस्त्र सीमा बल के 26वीं वाहिनी के कमांडेंट शाश्वत कुमार (IPS) ने ग्रामीणों की समस्याओं को सरकार के वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया।उन्होंने लोगों को जागरुक हो कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे समझना तथा उन्हें सरकारी एवं गैर-सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था,ताकि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं आवश्यकताएं खुलकर रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल ग्रामाणों की भलाई के लिये ही हैं।ग्रामीण कभी भी कैंपों में पहुंच कर अपनी समस्या रख सकते है।कमांडेंट शाश्वत कुमार ने सुरक्षा बल व ग्रामीणों के बीच बेहतर समंवय व मैत्री पूर्ण संबंध पर जोर दिया।सशस्त्र सीमा बल की इस पहल से क्षेत्र में जन-जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने इस सराहनीय पहल के लिए सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार व्यक्त किया।

