Ranchi: 1.23 करोड़ की ठगी का आरोप, जमीन कारोबार के नाम पर 45 लाख निवेश कर फंसा पीड़ित

 

राँची।राजधानी के सदर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबार के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। हिंदपीढ़ी निवासी इकबाल हुसैन ने आरोप लगाया है कि सुनियोजित साजिश के तहत उनसे 45 लाख रुपये निवेश कराए गए और बाद में न तो मूल रकम लौटाई गई और न ही मुनाफा दिया गया। पूरे मामले में कुल 1.23 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति होने का दावा किया गया है। इकबाल हुसैन ने थाना प्रभारी, सदर थाना को दिए आवेदन में बताया कि परिवार और बच्चों के भविष्य को देखते हुए अतिरिक्त आमदनी की तलाश में थे। इसी दौरान बड़गाई निवासी एजाज अंसारी, नियाज अहमद, इफ्तिखार आदिल, फैयाज, रेशमा खातून और अजीम अंसारी ने उन्हें अपने जमीन कारोबार में निवेश करने का प्रस्ताव दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर भरोसा दिलाया कि निवेश पर हर महीने 1.50 लाख रुपये मुनाफा दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने दिसंबर 2019 से जनवरी 2020 के बीच कुल 45 लाख रुपये चेक और नकद के माध्यम से दिए। इस दौरान 12 दिसंबर 2019 और 20 जनवरी 2020 को दो लिखित करार भी कराए गए। शुरुआती समय में कुछ रकम मुनाफे के तौर पर लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। जब इकबाल हुसैन ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। आवेदन में कहा गया है कि बाद में आरोपियों ने साफ तौर पर कह दिया कि शुरू से ही उनका इरादा पैसा लौटाने का नहीं था और उन्होंने अन्य देनदारियों को चुकाने के लिए इस रकम का इस्तेमाल कर लिया।

पीड़ित का आरोप है कि इस पूरी साजिश के तहत उनसे न सिर्फ 45 लाख रुपये ठगे गए, बल्कि वादे के अनुसार मिलने वाला लाभांश जोड़कर कुल 1,23,95,000 रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई। इकबाल हुसैन ने सदर थाना पुलिस से सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया है। आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और दोनों करार की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

error: Content is protected !!