सरायकेला पुलिस ने 16.50 लाख की ब्राउन शुगर के साथ महिला समेत तीन तस्कर को किया गिरफ्तार
सरायकेला।झारखण्ड में सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत कपाली ओपी क्षेत्र से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 16.50 लाख रुपये आंकी गई है।मामले का खुलासा करते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि 6 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बंधुगोड़ा स्थित इम्तियाज खान के मकान में नशे का काला कारोबार चल रहा है।त्वरित कार्रवाई के लिए गठित विशेष टीम ने जब उक्त मकान में दबिश दी, तो वहां से 82.80 ग्राम ब्राउन शुगर (679 पुड़ियां) बरामद की गईं।
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें मास्टरमाइंड महाराज अली भी शामिल है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं।महाराज अली (पुराना आपराधिक इतिहास, आरआईटी थाना में वांछित),असगर अली और शबनम परवीन है।ये तीनों आरोपी उक्त मकान में किराएदार बनकर रह रहे थे और वहीं से तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की बायोमेट्रिक जांच और फिंगरप्रिंटिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली है।पकड़े गए सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अब इस गिरोह के आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों को भी बेनकाब किया जा सके।

