Ranchi:चलती ट्रेन में यात्रियों को पिस्तौल लहराकर धमका रहा था,महिला यात्री ने आरपीएफ को दी सूचना,जवानों ने फिल्मी अंदाज में दो अपराधियों को हथियार के साथ दबोचा…
राँची।हावड़ा-हटिया क्रियायोगा एक्सप्रेस (18615) में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी,जब दो युवक सामान्य कोच में अवैध देशी पिस्तौल लहराकर यात्रियों को धमकाने लगे।घटना कीता रेलवे स्टेशन पार करने के बाद हुई।ट्रेन में मौजूद आरपीएफ एस्कॉर्ट टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के सामान्य कोच से अचानक शोर-शराबा और यात्रियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी।इसके बाद आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी तुरंत कोच में पहुंची।वहां एक युवक यात्रियों के बीच पिस्तौल लहराकर उन्हें डराने और धमकाने का प्रयास कर रहा था, जबकि उसका साथी अभद्र भाषा का प्रयोग कर यात्रियों में दहशत फैला रहा था।कोच में मौजूद यात्री भयभीत होकर इधर-उधर हटने लगे।आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाये दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से देशी पिस्तौल और कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अकीब खान (21 वर्ष) पिता आरिफ खान और रेहान खान (20 वर्ष), पिता स्व. सलीम खान के रूप में बतायी। दोनों राँची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित बरियातू जोड़ा तालाब, सरताज कॉलोनी के निवासी हैं। जवानों ने घटना की जानकारी मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार को दी।उनके निर्देश पर ट्रेन के राँची रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों को उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उक्त हथियार और कारतूस उन्हें टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था। उन्होंने यह भी बताया कि वे हथियार को राँची के स्थानीय क्षेत्र में आपूर्ति करने वाले थे। आरपीएफ ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया है।इस कार्रवाई में उप निरीक्षक सूरज पांडे, एएसआई भुतेश झा समेत आरपीएफ के कई जवान शामिल थे।

