एक्सीडेंट के बाद क्षतिग्रस्त कार को गैरेज ले जाने के दौरान लगी भीषण आग, बीच सड़क पर अफरा-तफरी

 

रामगढ़।झारखण्ड के रामगढ़ जिले के कुजू क्षेत्र स्थित नयामोड़ फोरलेन चौराहा पर गुरुवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।दुर्घटनाग्रस्त कार में अचानक आग लग जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हालांकि कार में सवार परिवार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।जानकारी के अनुसार आई-10 कार संख्या जेएच02क्यू-7625 पर सवार होकर घाटो निवासी एक परिवार कहीं जा रहा था।इसी दौरान नयामोड़ फोरलेन चौराहा से पहले पुल के समीप उनकी कार एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।घटना के बाद परिवार के सदस्य इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम चले गए।दुर्घटना के कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई थी।

बताया गया कि हादसे के बाद कार चालक क्षतिग्रस्त वाहन को ऑटो की मदद से टोचन कर नयामोड़ स्थित एक गैराज ले जा रहा था। इसी दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते वाहन में आग लग गई।कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी।आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची।स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया।काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार सवार परिवार वाहन से बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

error: Content is protected !!