ब्रेक फेल होते ही बेकाबू हुई स्कूल वैन, डिवाइडर पर चढ़ी; 10 बच्चे घायल, तीन की हालत गंभीर

 

जमशेदपुर। शहर के टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसा प्लाजा स्थित भुवनेश्वर मंदिर के पास हुआ। हादसे में वैन में सवार करीब 10 बच्चे घायल हो गए हैं। इनमें से तीन बच्चों को ज्यादा चोटें लगी है।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन (वाहन संख्या JH05BC7076) शुक्रवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वैन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह नियंत्रण में नहीं आ सकी और सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्कूल वैन के दुर्घटनाग्रस्त होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। वैन में फंसे घायल बच्चों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बच्चों के घायल होने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन भी अस्पताल की ओर पहुंचने लगे।

हादसे में घायल सभी बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल बच्चों में तीन गंभीर बताई जा रही है। अन्य बच्चों का भी चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।

घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूल वैन का जायजा लिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट होगी।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वैन में कितने बच्चे सवार थे, वाहन की फिटनेस और अन्य जरूरी कागजात की स्थिति क्या थी तथा हादसे के समय वाहन की गति कितनी थी।

सुबह के समय स्कूल जाने के दौरान हुए इस हादसे ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि वैन डिवाइडर पर चढ़ने के बाद रुक गई, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अस्पताल में घायल बच्चों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

error: Content is protected !!