सरायकेला में सुबह-सुबह ईडी का धावा, 35 करोड़ के लोन मामले में ठेकेदार संजय डालमिया के घर खंगाले जा रहे दस्तावेज
राँची/सरायकेला। सरायकेला में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम अचानक पटनायक टोला स्थित ठेकेदार संजय डालमिया के आवास पर पहुंची। सुबह करीब 7 बजे तीन वाहनों से पहुंची ईडी की टीम ने घर को अपने घेरे में लिया और अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई सहकारिता बैंक से करीब 35 करोड़ रुपये के लोन और उसके भुगतान नहीं किए जाने से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। टीम घर के अंदर विभिन्न स्थानों पर दस्तावेज, वित्तीय कागजात और अन्य सामानों की जांच कर रही है।मामला सरायकेला के जेएससीबी शाखा का है। यहां के अधिकारियों के साथ मिलकर संजय कुमार डालमिया ने बड़ा फ्रॉड किया था। इन आरोपों के चलते राँची की ईडी टीम ने शुक्रवार को ऐक्शन लिया और झारखण्ड समेत उड़ीसा के 7 ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान ईडी की टीम जांच कर रही है।
तीन गाड़ियों से पहुंची टीम, घर के अंदर जांच तेज
सुबह-सुबह ईडी की टीम के पहुंचते ही इलाके में चर्चा शुरू हो गई। टीम के अधिकारी सीधे संजय डालमिया के आवास के अंदर गए और तलाशी की कार्रवाई शुरू कर दी। जांच के दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों में रखे दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों को खंगाले जाने की सूचना है।ईडी की कार्रवाई का फोकस कथित तौर पर 35 करोड़ रुपये के बैंक लोन, उसके लेन-देन और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों पर है। हालांकि, तलाशी के दौरान टीम को क्या-क्या मिला है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
लोन मामले में जमानत पर बाहर है संजय डालमिया
बताया जा रहा है कि सहकारिता बैंक से जुड़े इस लोन मामले में कारोबारी संजय डालमिया फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसी मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की जांच अब ईडी द्वारा की जा रही है।
ईडी की कार्रवाई जारी, जांच पूरी होने के बाद खुलेगा राज
छापेमारी के दौरान आवास के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। ईडी के अधिकारी फिलहाल कार्रवाई में जुटे हुए हैं। टीम की ओर से अभी तक छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 35 करोड़ रुपये के लोन से जुड़े इस मामले में ईडी की जांच किन वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों तक पहुंचती है और तलाशी के दौरान क्या अहम सबूत सामने आते हैं। कार्रवाई पूरी होने और ईडी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

