धोखे और प्रताड़ना ने ली निशा की जान: शादी का झांसा देकर मुकरा प्रेमी, न्याय न मिलने पर साई नाथ यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा ने किया सुसाइड

राँची/बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले (गोमिया, करमटिया बस्ती) की रहने वाली निशा कुमारी ने शुक्रवार की सुबह राँची के चंदवे गांव स्थित अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। निशा राँची की साई नाथ यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद वहीं नौकरी कर रही थी और अपने परिवार का आर्थिक सहारा बनी हुई थी। इस आत्मघाती कदम के पीछे प्रेम संबंध में मिले धोखे और लड़के के परिवार द्वारा दी गई घोर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की एक दर्दनाक कहानी सामने आई है।
मृतका के भाई साहिल चौहान ने पिठौरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी कमल किशोर हाजरा और उसके पूरे परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, कमल किशोर साल 2021 से शादी का झांसा देकर निशा के साथ शारीरिक संबंध बना रहा था और इस दौरान कई बार उसका गर्भपात भी कराया गया। दोनों चंदवे में एक ही मकान के अलग-अलग कमरों में रह रहे थे।
इस कहानी में मोड़ तब आया जब निशा को पता चला कि कमल किशोर की शादी किसी दूसरी लड़की से तय हो गई है। विरोध करने पर कमल किशोर ने निशा की बड़ी बहन संध्या कुमारी को फोन कर साफ कह दिया कि वह निशा से शादी नहीं करेगा।
न्याय की गुहार लेकर निशा बीते 27 जून को कमल किशोर के पैतृक घर (महगामा, गोड्डा) पहुंच गई। वहां आरोपी कमल किशोर, उसके पिता गुरु प्रसाद हाजरा, भाई अमन और अन्य परिजनों ने मिलकर निशा के साथ बेरहमी से मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे कोई नशीला पदार्थ खिलाकर जबरन गोड्डा से राँची जाने वाली बस में बैठा दिया गया।रास्ते में जब बस के भीतर निशा की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी, तो बस कंडक्टर ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। आनन-फानन में निशा को बोकारो के चास स्थित मुस्कान अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दो दिनों तक आईसीयू (ICU) में रखना पड़ा। अस्पताल में पुलिस ने निशा का फर्दबयान भी दर्ज किया था। स्वस्थ होने के बाद 8 जुलाई को उसे वापस राँची के चंदवे वाले किराये के कमरे पर लाया गया।
घर लौटने के बाद जब निशा ने कमल किशोर से संपर्क करने की कोशिश की, तो पता चला कि उसने निशा का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया है। इस मुकाम पर आकर निशा पूरी तरह मानसिक अवसाद में चली गई। 10 जुलाई (शुक्रवार) की सुबह करीब साढ़े आठ बजे, जब कथित तौर पर गोड्डा में आरोपी कमल किशोर के घर पर उसकी शादी की हल्दी की रस्म चल रही थी, ठीक उसी वक्त निशा ने अपने कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।
शुक्रवार रात राँची के रिम्स में पोस्टमार्टम होने के बाद शनिवार को निशा का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतका के भाई ने मुख्य आरोपी कमल किशोर हाजरा, उसके पिता गुरु प्रसाद, मां, भाई अमन और चचेरी बहनों अन्नू व मिन्नू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पिठौरिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच शुरू कर दी है।

