केरेडारी में बमबारी के बाद सोशल मीडिया पर धमकी, राहुल दुबे गैंग ने लिया जिम्मेदारी का दावा

हजारीबाग। जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कंपनी परिसर में 10 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे हुई बमबारी की घटना की जिम्मेदारी राहुल दुबे गैंग द्वारा लेने का दावा किया गया है। गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर जारी एक कथित प्रेस विज्ञप्ति में कंपनी से जुड़े एक व्यक्ति को चेतावनी देते हुए भविष्य में और बड़े हमले की धमकी दी गई है।

जारी कथित विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह घटना केवल: “चेतावनी” देने के उद्देश्य से की गई थी। साथ ही दावा किया गया है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो अगली बार कंपनी कार्यालय को निशाना बनाया जाएगा।गैंग की ओर से जारी कथित संदेश में ड्राइवरों, स्टाफ और मुंशियों को भी धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अगली बार केवल वाहनों को नहीं, बल्कि वहां मौजूद लोगों को भी निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि संदेश में यह भी कहा गया है कि उनका उद्देश्य गरीब ड्राइवरों या कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शा जाएगा।
इसके अलावा, कथित प्रेस विज्ञप्ति में स्थानीय कमेटियों और कोयला परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टर्स को भी चेतावनी दी गई है। संदेश में कहा गया है कि वे इस घटना से सबक लें, अन्यथा उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल इस कथित प्रेस विज्ञप्ति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना और धमकी भरे संदेश को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल संदेश की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

error: Content is protected !!