पुलिस के बढ़ते दबाव के आगे झुका आरोपी: हिमांशु सिंह हत्याकांड में राहुल दुबे ने किया सरेंडर

जमशेदपुर।बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के नामजद आरोपी राहुल दुबे ने शुक्रवार को अचानक बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला पुलिस का मानना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान, ताबड़तोड़ छापेमारी और सख्त कार्रवाई के चलते अब आरोपी कानून के शिकंजे से बचने के बजाय सरेंडर करने को मजबूर हो रहे हैं। शहर में भी यह चर्चा तेज है कि पुलिस के बढ़ते दबाव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।

जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे बिष्टुपुर थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, पुलिस ने आधिकारिक तौर पर उसके सरेंडर की वजह नहीं बताई है, लेकिन माना जा रहा है कि लगातार दबिश और गिरफ्तारी के डर ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

सिटी एसपी ललित मीणा ने स्पष्ट कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि कानून से भागने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और हर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि बिष्टुपुर के डबल डाउन बार में पुलिस की मौजूदगी के दौरान हिमांशु सिंह पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि राहुल दुबे के सरेंडर के बाद जांच को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

error: Content is protected !!