राँची पुलिस का बड़ा एक्शन: तमाड़ में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़, ब्राउन शुगर और नकदी के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

​राँची।झारखण्ड पुलिस के ‘सेवा ही लक्ष्य’ के संकल्प को दोहराते हुए राँची पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी और कामयाब कार्रवाई की है। राँची के तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में चल रहे एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लाखों रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें और भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की गई है।

​यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), राँची को मिली एक बेहद पुख्ता और गुप्त सूचना के आधार पर हुई। सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर की धड़ल्ले से खरीद-बिक्री की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और बुण्डू के अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

​गठित टीम जब बंगाली टोला स्थित राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर के पास पहुँची, तो पुलिस को देखकर वहां से निकल रहा एक युवक तेजी से भागने लगा। मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने बिना वक्त गंवाए उसे दौड़ाकर दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आशिफ खान (निवासी- हटिया, वर्तमान पता- बुण्डू) बताया। NDPS एक्ट की धारा-50 के तहत जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से करीब 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आशिफ ने कबूला कि उसने यह नशा राजा शिवदत्त मलिक से खरीदा है।

​आशिफ की निशानदेही पर पुलिस टीम ने तुरंत राजा शिवदत्त मलिक के घर पर विधिवत छापेमारी की। पुलिस की इस दबिश में घर के अंदर से 12 ग्राम और ब्राउन शुगर, नशा तौलने वाली 2 इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीनें, एक की-पैड मोबाइल और 1,70,000 रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई। कुल मिलाकर पुलिस ने 15 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। नशीले पदार्थ और इस मोटी रकम के संबंध में जब आरोपी कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, तो पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

​पुलिस ने इस मामले में तमाड़ थाना कांड संख्या-41/26 दर्ज कर NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं (21(b)/22/29) के तहत दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। राँची पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से इलाके के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

error: Content is protected !!