राँची:रिंग रोड पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा,सड़क पर शव रखकर मुआवजे और अंडरपास की मांग को लेकर चार घंटे तक जाम

राँची।जिले के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के मानकी ढीपा रिंग रोड पर सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक रंजीत बैठा का शव लेकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे रिंग रोड पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जाम की सूचना मिलने पर टाटीसिलवे पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर वरीय प्रशासनिक अधिकारियों और एनएचएआई के अधिकारियों को बुलाने की मांग की। साथ ही मृतक के आश्रितों को 30 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, घटनास्थल पर अंडरपास निर्माण तथा स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रंजीत बैठा अपने पीछे पत्नी और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा रंजीत ही थे, ऐसे में उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार देर शाम रंजीत बैठा स्कूटी से रिंग रोड पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल रंजीत को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लगातार बारिश के बावजूद ग्रामीण करीब चार घंटे तक सड़क पर डटे रहे। उनका आरोप था कि बार-बार सूचना देने के बावजूद न तो कोई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और न ही एनएचएआई का कोई प्रतिनिधि। अधिकारियों के नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। समाचार लिखे जाने तक रिंग रोड पर जाम जारी था और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी।

