Ranchi:अपनी मांगों को लेकर होमगार्ड के जवानों ने किया सड़क जाम,कहा-हमारे आंदोलन को प्रभावित करना चाहती है सरकार

राँची।झारखण्ड में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे आंदोलनरत होमगार्ड के जवानों ने शुक्रवार को जगन्नाथपुर में पुंदाग साई मंदिर जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया। होमगार्ड के जवानों ने कहा कि सरकार उनके आंदोलन को प्रभावित करना चाहती है। लेकिन वे अपनी मांगों के पूरा हुए बिना यहां से नहीं हटेंगे।

होमगार्ड के जवानों ने बताया कि उन्हें 4 टैंकर पानी की जरूरत है। लेकिन पिछले दो दिन से एक ही टैंकर पानी दिया जा रहा है। इसके कारण महिला जवानों को कई प्रकार की परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि वे घुट-घुट कर यहीं मर जाएंगे लेकिन हटेंगे नहीं।

10 हजार होमगार्ड के जवान हैं आंदोलनरत

झारखण्ड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले राज्य के करीब 10 हजार होमगार्ड जवान आंदोलन कर रहे हैं। इसमें करीब 2500 महिलाएं शामिल हैं। गर्मी बढ़ने के कारण आंदोलनकारियों की परेशानी बढ़ रही है। रोड जाम के दौरान इन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बिहार की तर्ज पर सुविधा की कर रहे हैं मांग:
होमगार्ड जवान बिहार की तर्ज पर झारखण्ड में जवानों को सुविधाएं देने की मांग कर रहे हैं। जवानों के हड़ताल पर चले जाने के कारण राँची में सदर अस्पताल से लेकर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे हो गई है। आंदोलनकारियों ने घोषणा की है कि शुक्रवार को संगठन के पदाधिकारियों की अहम बैठक होगी। इसमें आंदोलन को पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।