Jharkhand:डायन-बिसाही के आरोप में दो पक्षों में जमकर मारपीट,एक वृद्ध की मौत,पुलिस गांव में कैम्प कर रही है

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में राजपुर थाना क्षेत्र के चारु पंचायत अंतर्गत खीरगड्डा गांव में गुरुवार की रात डायन-बिसाही के आरोप में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। इतना ही नहीं,आगजनी की भी घटना को अंजाम दिया गया है। कोलसार (गन्ना पेराई जाने वाले स्थान में) को आग के हवाले कर दिया तथा एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया तथा मृतक 70 वर्षीय किशुन यादव के शव को कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार किशन यादव की तबीयत खराब चल रही थी। गांव के महेंद्र यादव के पुत्र कौलेश्वर यादव के साथ विवाद शुरू हुआ। हालांकि विवाद का मूल कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। तकरीबन 30 वर्षों से जमीनी विवाद चला आ रहा है। गुरुवार रात्रि अचानक दोनों पक्ष उग्र हो गए। किशुन यादव के परिजन कौलेश्वर यादव पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि मारपीट में ही किशुन यादव की जान गई है। इधर इसकी जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वरीय अधिकारियों को पूरी घटनाक्रम की जानकारी दी गई।

घटना की जानकारी मिलने के पश्चात देर रात पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुमार झा, सदर एसडीपीओ अविनाश कुमार, हेड क्वार्टर डीएसपी केदारनाथ राम, सदर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के अलावा सदर थाना प्रभारी लव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल गांव में पुलिस कैंप कर रही है। स्थिति अब शांतिपूर्ण है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मामले की पूरी तरह से छानबीन की जा रही है। जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।