इंस्टाग्राम चलाने पर नानी ने डांटा, तो युवती ने जहर खाकर दी जान,मौत के बाद माँ ने खोया आपा ,अस्पताल में किया हंगामा

 

गढ़वा।पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) देखने को लेकर हुई डांट-फटकार के बाद एक 17 वर्षीया युवती ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी परमानंद सिंह की पुत्री नंदिनी सिंह के रूप में हुई है।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।जानकारी के अनुसार, नंदिनी कुमारी अपनी मां के साथ अपने ननिहाल (गुरहा गांव) में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी।इसी दौरान वह मोबाइल पर इंस्टाग्राम चला रही थी।उसे लगातार मोबाइल पर व्यस्त देख उसकी नानी ने टोकते हुए पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने की नसीहत दी और डांट-फटकार लगाई।नानी की यह बात नंदिनी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आक्रोश में आकर जहरीला पदार्थ (जहर) खा लिया।

हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।युवती की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां आपा खो बैठी और सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।उन्होंने इस दौरान कई गंभीर आरोप भी लगाए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है कि घटना के पीछे केवल डांट-फटकार ही वजह थी या कोई अन्य कारण।इस दुखद घटना से बहेरवा और गुरहा दोनों गांवों में शोक का माहौल है।

error: Content is protected !!