Ranchi:शादी के लिए नाबालिग लड़की का अपहरण, पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर ले भागा आरोपी; एयरपोर्ट थाने में FIR दर्ज

 

राँची।राजधानी के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अगवा करने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी पहले भी लड़की को डराता-धमकाता था और साथ न चलने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। इस वारदात में स्थानीय स्तर पर एक अन्य सहयोगी ने भी लड़की को भगाने में मदद की। इस संबंध में पीड़ित पिता के लिखित आवेदन पर एयरपोर्ट थाने में कांड संख्या-29/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना 04 जुलाई 2026 की है। मनी टोला, रजा कॉलोनी (रोड नंबर-1) निवासी पीड़ित शमशाद आलम अपनी पत्नी, पुत्र और सरहज के साथ सुबह करीब 08:00 बजे अपनी बड़ी बेटी के निकाह के लिए लड़का देखने लोहरदगा गए हुए थे। घर में उनकी तीन बेटियां थीं। शाम करीब 07:00 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है और उनकी साढ़े 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री गायब है।

खोजबीन के दौरान पता चला कि दोपहर करीब 03:30 बजे नाबालिग लड़की घर का दरवाजा बाहर से बंद करके निकली थी। वह जाते समय हरे रंग की कुर्ती, क्रीम रंग का पजामा और लाल रंग का स्टॉल (दुपट्टा) बांधकर निकली है।

परिजनों द्वारा की गई छानबीन में इस बात का खुलासा हुआ कि मनीटोला (फिरदौस नगर, डोरंडा) निवासी आसिफ अंसारी (उम्र 35 वर्ष) ने निकाह करने की नीयत से नाबालिग को बहला-फुसलाकर अगवा किया है। इस साजिश में पीड़ित के ही मोहल्ले के रहने वाले गुलाम मुस्तफा (पिता: स्व. अनवर अंसारी) ने मुख्य भूमिका निभाई। गुलाम मुस्तफा ने नाबालिग लड़की को अपना मोबाइल नंबर दिया, उसे राँची से भगाने में पूरा सहयोग किया और मुख्य आरोपी आसिफ से बात करवाकर उसे राँची से बाहर भेज दिया, जहां से आसिफ उसे अपने साथ ले गया।

पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी आसिफ अंसारी पहले भी उनकी नाबालिग बेटी को निकाह करने के लिए डराता-धमकाता था। वह कहता था कि “मेरे साथ चलो, नहीं तो तुम्हारे पूरे परिवार को जान से मार देंगे।” वहीं, घटना के बाद जब पीड़ित परिवार आरोपी गुलाम मुस्तफा के पास पूछताछ करने गया, तो वह भी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा।

error: Content is protected !!