पाकुड़: पुलिस पर पथराव कर हिरासत से आरोपी छुड़ाया,माँ-बेटा समेत तीन गिरफ्तार

पाकुड।झारखण्ड के पाकुड़ जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित इशाकपुर नया टोला में पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत से एक आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी, उसकी मां और चाचा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में 10 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, इशाकपुर और जयकीस्टोपुर के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि इशाकपुर के तालाब के समीप कुछ युवक गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। साथ ही वहां नहाने और पानी भरने आने वाली महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणियां भी करते हैं। शिकायत के सत्यापन के लिए पहुंची पुलिस गश्ती दल ने मौके से 22 वर्षीय आलमगीर आलम को हिरासत में लिया और उसे थाने ले जाने लगी।इसी दौरान आरोपी के परिजन और आसपास के कई लोग एकत्र हो गए।
आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम को घेरकर पथराव शुरू कर दिया और हंगामे के बीच आलमगीर आलम को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया।घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की अतिरिक्त पुलिस टीम पुरुष एवं महिला सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने अभियान चलाकर आलमगीर आलम, उसकी मां मंजिला बीबी और चाचा रेजाबुल शेख उर्फ एजाबुल शेख को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कर्मियों पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 10 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। गिरफ्तार तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

